उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने बोर्ड परीक्षा का परिणाम घोषित करने की तिथि का एलान कर दिया है। पिछली बार की अपेक्षा इस बार बोर्ड रिजल्ट 10 दिन पहले जारी हो जाएगा। शनिवार को उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा के रामनगर कार्यालय में परीक्षाफल समिति की बैठक में 19 अप्रैल को परिणाम घोषणा का निर्णय लिया गया। समिति की बैठक में तय हुआ कि हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम एक साथ जारी होगा। रामनगर बोर्ड कार्यालय में माध्यमिक शिक्षा निदेशक पूर्वाह्न 11 बजे परीक्षाफल घोषित करेंगे। इस बार उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 21 फरवरी से 11 मार्च के बीच हुई थी। मूल्यांकन का कार्य 21 मार्च से चार अप्रैल तक चला था। बोर्ड परीक्षा दिए विद्यार्थियों को रिजल्ट का इंतजार है।





