पर्वतीय क्षेत्रों को स्मैक उपलब्ध कराने के आरोपित को रीठासाहिब पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ऊधम सिंह नगर जिले के रहने वाले आरोपित पर दो जिलों के तीन थानों में एनडीपीएस समेत आठ मामले दर्ज हैं। नानकमत्ता थाने के बिडौरा मझेला गांव निवासी 32 वर्षीय मांग सिंह उर्फ मंगू पिछले सात-आठ वर्षाें से स्मैक की तस्करी में संलिप्त बताया जाता है। उसके विरुद्ध पहला मामला 2018 में नानकमत्ता थाने में पंजीकृत हुआ था। फरवरी 2025 में रीठा साहिब पुलिस ने चंपावत नगर निवासी कुलदीप जोशी को 112 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा था।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में अभियुक्त कुलदीप ने करन राम नाम के व्यक्ति के माध्यम से मंगू से स्मैक खरीदने की बात कही थी। शनिवार को एसपी अजय गणपति ने प्रेस वार्ता में बताया कि रीठा साहिब पुलिस व एसओजी ने मंगू को उत्तर प्रदेश के रामपुर स्थित रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया। चंपावत के जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने अभियुक्त के विरुद्ध 20 मार्च को गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। मंगू किच्छा से स्मैक की खरीद कर थोक रूप में उपलब्ध कराता था। मंगू नानकमत्ता का हिस्ट्रीशीटर है। अभियुक्त के विरुद्ध रीठासाहिब, नानकमत्ता, सितारगंज में एनडीपीएस के पांच, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर व मारपीट का एक-एक मामला पंजीकृत है। पुलिस टीम में रीठासाहिब थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट, एसओजी प्रभारी लक्ष्मण सिंह जगवाण, एसआइ देवेंद्र बिष्ट, हेड कांस्टेबल गणेश सिंह, सूरज सिंह, सतेंद्र जोशी, जगवीर सिंह, कांस्टेबल जगदीश कन्याल, गिरीश भट्ट आदि शामिल रहे।





