उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. रमेश पोखरियाल निशंक की बेटी आरुषि निशंक से फिल्म में अभिनेत्री का रोल देने का झांसा देकर चार करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरुषि ने मुंबई की मिनी फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड की निर्माता मानसी वरुण बागला और उनके पति वरुण प्रमोद कुमार बागला के खिलाफ देहरादून की शहर कोतवाली में शिकायत की है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पति के माध्यम से भेजी तहरीर
आरुषि ने पति अभिनव पंत के माध्यम से दिल्ली से शहर कोतवाली में भेजी गई तहरीर में बताया कि पिछले वर्ष अक्टूबर में मुंबई के निवासी और मिनी फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड के निर्माता मानसी और उनके पति वरुण ने दून में उनके आवास पर मुलाकात की।उन्होंने बताया कि वे ‘आंखों की गुस्ताखियां’ नामक फिल्म का निर्माण कर रहे हैं, जिसमें अभिनेत्री के रोल के लिए आरुषि को प्रस्ताव दिया। आरोप है कि मानसी व वरुण ने शर्त रखी कि आरुषि को पांच करोड़ रुपये का निवेश करना होगा। यह भी कहा गया कि यदि रोल पसंद नहीं आया तो पांच करोड़ रुपये 15 प्रतिशत ब्याज के साथ लौटा दिए जाएंगे। चार करोड़ रुपये लेने के बाद आरोपितों ने संपर्क करना बंद कर दिया। अब जाकर शिकायत की है।





