वरिष्ठ कुमाउनी साहित्यकार महेन्द्र ठकुराठी को ‘नेपाल भारत मैत्री सम्मान’ प्रदान किया गया है। नेपाल के दशरथ चंद नगरपालिका के मेयर पुष्कर राज जोशी और राष्ट्रीयता संरक्षण अभियान संस्थाध्यक्ष हेम बाबू ने यह सम्मान दिया। शहीद दशरथ चंद स्मृति प्रतिष्ठान ने नेपाल के बैतड़ी जिले के बस्कोट गांव में आयोजित अंतरराष्ट्रीय काव्य गोष्ठी में यह सम्मान दिया।
उत्तराखंड के अल्मोड़ा से काव्य गोष्ठी में शामिल होने गए महेंद्र ठकुराठी ने कुमाउनी रचनाओं का पाठ किया। दो दिन तक चले कार्यक्रम की अध्यक्षता विनोद बहादुर चंद ने की।मुख्य अतिथि ललित कला प्रज्ञा प्रतिष्ठान नेपाल के कुलपति नारदमणि हार्तम्छाली रहे। दूसरे दिन डोटी जिला मुख्यालय स्थित सिलगढ़ी में नाटककार पहलमान सिंह स्वांर के सम्मान में ‘सुदूर पश्चिम का साहित्यिक पत्रकारिता को अवस्था और चुनौती’ विषयक विचार विमर्श हुआ। यह कार्यक्रम सुदूर पश्चिम प्रज्ञा प्रतिष्ठान व नेपाली लेखक संघ की ओर से आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि सुदूर पश्चिम प्रदेश प्रमुख (राज्यपाल) नजीर मियां व प्रज्ञा प्रतिष्ठान के उप कुलपति डॉ. टीएन जोशी ने कुमाउनी साहित्यकार महेन्द्र ठकुराठी को रुद्राक्ष माला के साथ शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।साथ में सम्मानपत्र व कुछ उपहार भेंट किए। दोनों कार्यक्रमों में भारत व नेपाल के अलग-अलग हिस्सों से कविराज भट्ट, रमेश मीतबंधु, फणेन्द्र साउद, तोयनाथ भट्ट, पिंकी बोहरा, श्रेष्ठ पिया ‘पत्थर’, सिर्जन श्री, महेश बराल, पूर्ण मल्ल, ललित लोहार, शंकर बसेड़ा, प्रमोद कुमार श्रोत्रिय, ललित मोहन जोशी, लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, हरीश जोशी आदि तमाम साहित्यकारों ने भागीदारी की।





