चंपावत नगर पालिका अध्यक्ष की सीट पर पहली बार महिला के रूप में प्रेमा पांडेय ने जिम्मेदारी संभाली है। शुक्रवार को हुए समारोह में नवनिर्वाचित बोर्ड ने पद व गोपनीयता की शपथ के साथ नगर के विकास का संकल्प लिया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष व सभासदों ने कहा कि जनता के बीच जाकर जो वादे किए और जनता ने चुनकर जो भरोसा जताया उस पर खरे उतरने का प्रयास करेंगे।
चंपावत के गोरलचौड़ मैदान स्थित वन पंचायत सभागार में डीएम नवनीत पांडे ने पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडेय व सभासद प्रेमा चिलकोटी, मणिप्रभा तिवारी, दिनेश बरदोला, गौरव कलौनी, रोहित बिष्ट, गीता अधिकारी, बबीता प्रहरी, पूजा वर्मा, नंदन तड़ागी को शपथ दिलाई। सभी को शुभकामना देते हुए सीएम पुष्कर धामी की आदर्श चंपावत की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में कार्य करने की उम्मीद जताई। पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडेय ने नगर की जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि पांच वर्ष किसी को शिकायत का मौका नहीं देंगी। विश्वास पर खरा उतरना उनका लक्ष्य रहेगा। अतिथियों व नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को प्रतीक चिह्न दिए गए। यहां विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष शंकर पांडेय, ईओ एके वर्मा, केएस बृजवाल, बहादुर फर्त्याल, गौरव पांडेय, चुनाव प्रभारी रहे शंकर कोरंगा, गोविंद सामंत आदि मौजूद रहे।





