आय से अधिक संपत्ति के मामले में विजिलेंस ने व्यापारी और जिला सहकारी बैंक के पूर्व प्रबंधक के ठिकानों पर छापेमारी की है। टीम ने व्यापारी घर और प्रतिष्ठान को खंगालने के साथ अहम जानकारी जुटाई।
सीओ विजिलेंस अनिल मनराल के अनुसार जिला सहकारी बैंक के पूर्व प्रबंधक राकेश कुमार सोनी पर आय से अधिक संपत्ति का आरोप है। प्रकरण की जांच चल रही है। मामले में 18 जुलाई 2024 को विजिलेंस हल्द्वानी सेक्टर में प्राथमिकी हुई थी। मामला भ्रष्टाचार स्पेशल कोर्ट में चल रहा है। विजिलेंस ने आरोपित के घर और प्रतिष्ठान की तलाशी के लिए कोर्ट में आवेदन किया था। कोर्ट की अनुमति पर बुधवार को विजिलेंस की दो टीम निरीक्षक हेम पांडे के नेतृत्व में रुद्रपुर पहुंची।टीम ने मुख्य बाजार स्थित राकेश कुमार सोनी के सोनी ज्वेलर्स प्रतिष्ठान पर ढाई घंटे रहते हुए आवश्यक दस्तावेज जुटाए। दूसरी टीम ने राकेश कुमार सोनी के आदर्श कालोनी स्थित आवास पर जांच की। व्यापारी के स्वजन से पूछताछ भी की गई।





