उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदली है। कुमाऊं मंडल में पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत की ऊंचाई वाली चोटियों पर मौसम का पहला हिमपात हुआ है। गढ़वाल में चमोली, उत्तरकाशी क्षेत्र में कुछ जगह बर्फबारी देखने को मिली है। मौसम में बदलाव की वजह से ठंड बढ़ गई है। ठिठुरन की वजह से ठंड बेहाल कर रही है।
मुनस्यारी में मौसम का पहला हिमपात
पिथौरागढ़ जिले में मुनस्यारी, खलिया, कालामुनि, बिटलीधार में मौसम का पहला हिमपात हुआ है। रविवार रात से हिमपात शुरू हो गया। नंदादेवी से लेकर लिपुलेख तक नंदाकोट, त्रिशूल, राजरंभा, पंचाचूली, हंसलिंग, सिदमधार, आदि कैलास, ओम पर्वत, नाबीढांग, लिपुलेख में हिमपात होने से चोटियों का सौंदर्य निखर गया है। जिले के निचले क्षेत्र में बादल छाए है। ठंडी हवाएं चल रही हैं। हल्की वर्षा हुई है। सोमवार को बादल छाने व छिटपुट वर्षा की संभावना है।





