उत्तराखंड में फिर सड़क हादसा हुआ है। नैनीताल जिले के ओखलकांडा ब्लाक में कौंत-पटरानी मोटर मार्ग पर सोमवार दोपहर बारातियों से भरी बुलेरो खाई में गिर गई। शुरुआती तौर पर दो लोगों के मरने की खबर आ रही है। मृतक में एक महिला व एक पुरुष है। पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
सोमवार दोपहर को कार के खाई में गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही खनस्यू थाना प्रभारी विजय पाल के नेतृत्व में टीम मौके को रवाना हुई। स्थानीय ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। मृतकों की पहचान नहीं हुई है। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से हल्द्वानी के डा. सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया है। दो घायलों ने अस्पताल पहुंचने तक दम तोड़ दिया। धारी एसडीएम केएन गोस्वामी भी मौके पर पहुंच गए। सड़क की बदहाली पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है।
