नानकमत्ता डेरा कार सेवा प्रमुख बाबा तरसेम सिंह की हत्या के मामले में फरार एक आरोपित पुलिस के हत्थे चढ़ा है। ऊधम सिंह नगर पुलिस और एसटीएफ ने 50 हजार रुपये के इनामी को हरिद्वार से गिरफ्तार किया।
बाबा तरसेम की 28 मार्च 2024 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने दोनों शूटरों की पहचान सर्वजीत सिंह और अमरजीत सिंह उर्फ बिट्टू के रूप में की थी। हत्या के षड़यंत्र में शामिल और शूटरों को राइफल उपलब्ध कराने वाले दिलबाग सिंह, अमनदीप सिंह उर्फ काला, हरमिंदर उर्फ पिंदी, बलकार सिंह, परगट सिंह, जसपाल सिंह भट्टी उर्फ मिंटू व सुखदेव सिंह उर्फ सोनू के साथ ही सुल्तान व सतनाम को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। शूटर अमरजीत सिंह उर्फ बिट्टू हरिद्वार में मुठभेड़ में मारा गया था। दूसरा शूटर सर्वजीत सिंह 27 मार्च 2025 को गिरफ्तार हुआ था। हत्या के षड्यंत्र में शामिल बाबा अनूप सिंह की गिरफ्तारी को पुलिस ने दबिश दी लेकिन वह फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस ने उनकी कुर्की की थी।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा और एसएसपी एसटीएफ नवनीत भुल्लर ने बताया कि मंगलवार को बाबा अनूप सिंह हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस उसे नानकमत्ता ले आई है। टीम में एसटीएफ निरीक्षक अबुल कलाम, एसआई विद्या दत्त जोशी शामिल रहे।
