पहाड़ और मैदान को जोड़ने वाले दो राष्ट्रीय राजमार्ग पिछले कुछ समय से परेशान कर रहे हैं। खासतौर से मानसून के दौरान से दोनों ही रास्ते अवरुद्ध होते रहे हैं। जिससे पहाड़वासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पहले पिथौरागढ़-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग ने परेशान किया। अब अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे में आए दिन यातायात बाधित हो रहा है।
तीन जिलों को जोड़ती है सड़क
अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर 24 घंटों से यातायात ठप है। यह मार्ग तीन जिलों को जोड़ता है। इससे मैदानी क्षेत्रों से पहाड़ और पहाड़ी क्षेत्रों से मैदान की ओर जाने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार दरक रहे पहाड़ के चलते एनएच पर आए मलबे को साफ करना भी खतरा भरा हो गया है।
तीन माह से दरक रही पहाड़ी
नैनीताल और अल्मोड़ा जिले की सीमा क्वारब के समीप तीन महीनों से पहाड़ी दरक रही है। बीते शनिवार को दोपहर यहां पहाड़ी का बड़ा हिस्सा भरभरा कर गिर गया। इससे भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर एनएच पर गिर गए। पहाड़ी से लगातार पत्थर और मलब गिर रहा है। इससे एनएच पर पड़े मलबे को साफ करना मुश्किल हो गया है। जिस वजह से शनिवार दोपहर बाद इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप है। कब खुलेगा इसको लेकर भी खास अपडेट नहीं है।





