अल्मोड़ा के चौखुटिया पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने अग्नेरी मैया मंदिर के पास स्थित मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। गांव के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लक्ष्य को लेकर काम किया जा रहा है। शुक्रवार को जनसभा में धामी ने कहा नवरात्र में देवियों की पूजा होती है। सरकार नारी तू नारायणी के संकल्प के साथ महिलाओं को सशक्त कर रही है। महिलाओं को सरकारी नौकरी, सहकारी समितियों में आरक्षण देकर मुख्यधारा में जोड़ने का कार्य कर रही है। समूहों को बिना ब्याज के पांच लाख का ऋण दे रही है। 2025 के अंत तक 25 हजार लखपति दीदी तैयार होंगी। सीएम ने कहा मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत ऐतिहासिक व पौराणिक मंदिरों का जीर्णोद्धार कर धार्मिक पर्यटन सर्किट तैयार किया जा रहा है। केदारनाथ, बदरीनाथ का जीर्णोद्धार किया गया। जागेश्वर धाम में कार्य चल रहा है। पलायन रोकने के लिए विशेष योजनाएं चलाई जा रही है। समान नागरिक संहिता का उल्लेख करने के साथ सशक्त भू कानून लाने की प्रतिबद्धता दोहराई।





