गोल्ज्यू दरबार पहुंचे पूर्व सीएम हरीश रावत, संविधान रक्षा के संकल्प के साथ भाजपा के झूठ से न्याय की मांग

राजनीति

कांग्रेस के राष्ट्रीय अभियान अन्याय के विरुद्ध लड़ाई और संविधान की रक्षा के संकल्प के तहत पूर्व सीएम हरीश रावत चंपावत में गोल्ज्यू दरबार पहुंचे। अन्याय के विरुद्ध लड़ने वालों के साथ खड़े होने का संकल्प दोहराया और संविधान विरोधी ताकतों से लड़ने की शक्ति देने की प्रार्थना की। हरदा ने भाजपा पर आरोप लगाया कि पूर्व में कांग्रेस की सरकार के समय जब वह मुख्यमंत्री थे, तब इस पार्टी ने मुस्लिम यूनिवर्सिटी खोलने व जुमे की नमाज की छुट्टी करने का झूठ फैलाया था। इस मामले में उन्होंने गोल्ज्यू से न्याय की मांग की।

मंगलवार को चंपावत में प्रेस वार्ता के दौरान रावत ने कहा कि अहमदाबाद में साबरमती के किनारे कांग्रेस पार्टी ने अन्याय के विरुद्ध लड़ाई व संविधान की रक्षा का ऐतिहासिक संकल्प लिया है। इसके तहत वह न्यायकारी देवता के रूप में विख्यात गोल्ज्यू के मंदिर में आए हैं। अन्याय के विरुद्ध लड़ाई के सबसे बड़े संरक्षक व मार्गदर्शक गोल्ज्यू महाराज हैं। आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार संविधान की धज्जियां उड़ा रही है। इस लड़ाई को संगठित होकर ही लड़ा जा सकता है। इसके लिए कांग्रेस ने देशभर में जा रही है।

हरदा ने कहा कि उत्तराखंड में वह भाजपा के दो झूठ के विरोध में भी न्याय के लिए आवाज उठा रहे हैं। 2017 व 2022 में बोले गए जुमे की छुट्टी व मुस्लिम यूनिवर्सिटी खोलने संबंधित झूठ को लेकर कोई गजट नोटिफिकेशन या उनके बयान पर आधारित समाचारपत्र की कटिंग या वीडियो क्लिप लाता है तो वह राजनीति क्या, दुनिया छोड़ देंगे। हरदा ने कहा भाजपा ने सोशल मीडिया में अखबार का स्वरूप देती बनावटी कटिंग लगाकर झूठ प्रसारित किया था।

Tagged

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *